बलूचिस्तान के क्वेटा में कार बम विस्फोट में 10 लोगों की मौत, 30 घायल

क्वेटा/नई दिल्ली। बलूचिस्तान के क्वेटा में मंगलवार को पाकिस्तान के अर्धसैनिक बल मुख्यालय के बाहर हुए एक कार बम विस्फोट में 10 से अधिक लोग मारे गए और कम से कम 30 घायल हो गए।

स्थानीय मीडिया ने बताया कि फ्रंटियर कांस्टेबुलरी मुख्यालय के पास एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। विस्फोट से पहले कार में सवार पांच-छह बंदूकधारी बाहर निकले और सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की। हालांकि मुठभेड़ में सभी बंदूकधारी मारे गए।

स्थानीय मीडिया को अधिकारियों ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। कुछ रिपोर्टों में 13 लोगों के मारे जाने की बात कही गई है। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

स्थानीय मीडिया ने प्रांतीय स्वास्थ्य मंत्री बखत काकर के हवाले से कहा कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। मारे गए और घायल हुए अधिकतर लोग आम नागरिक थे। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि हमले में छह हमलावर शामिल थे और सभी को सुरक्षाबलों ने मार गिराया।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बम विस्फोट की निंदा की हैं। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने भी हमले की निंदा की है।