भोपाल में तीसरी कक्षा के छात्र की सिर में गोली लगने से मौत

1

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर क्षेत्र में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 12 वर्षीय छात्र की सिर में गोली लगने से इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चा शुक्रवार देर रात अपने घर की बालकनी में खून से लथपथ अचेत अवस्था में मिला था। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 12 वर्षीय इब्राहिम पुत्र रिजवान लाला जेपी नगर क्षेत्र में रहता था। उसके पिता बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का कार्य करते हैं। शुक्रवार रात करीब 1:50 बजे परिजनों ने बच्चे को बालकनी में बेहोशी की हालत में देखा, जहां खून फैला हुआ था। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए कमला नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।

गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने बताया कि बच्चा बालकनी में अचेत अवस्था में मिला था और उसके सिर से खून बह रहा था। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बच्चे की मौत के बाद शनिवार सुबह एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बच्चे के घर के बाहर आमतौर पर देर रात तक बाहरी युवकों का आना-जाना रहता था। बताया गया है कि पिता से मिलने के लिए कई युवक घर आते थे, जिस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है।

घटना को लेकर कई सवाल अब तक अनसुलझे हैं। बच्चा आधी रात को बालकनी में क्यों था, गोली घर के अंदर से चली या बाहर से, बालकनी में गोली कैसे लगी, रात के समय घर के बाहर कौन लोग मौजूद थे और फायरिंग में प्रयुक्त हथियार किसका था, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।