वेबुये (केन्या)। केन्या के वेबुये-किटाले राजमार्ग पर सोमवार रात भीषण सड़क हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मंगलवार को इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस हादसे में दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई, जिसमें दोनों सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद जब आसपास के लोग और राहगीर घायलों की मदद के लिए वहां जमा हुए, तभी एक अनियंत्रित ट्रक भीड़ को कुचलता हुआ निकल गया। ट्रक की चपेट में आने से 10 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान चार अन्य घायलों की मृत्यु हो गई, जिससे मरने वालों का कुल आंकड़ा 14 पहुंच गया है। फिलहाल 16 घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि केन्या में सड़क दुर्घटनाएं एक बड़ी समस्या बनी हुई हैं। हाल के वर्षों में केन्या में सड़क हादसों में हर साल 4,300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

