बलिया में बिना दुल्हनों के सामूहिक विवाह मामले में 15 अरेस्ट

बलिया। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के मनियर क्षेत्र में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में धांधली के मामले में पुलिस ने गुरुवार को तीन सरकारी कर्मचारियों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अधिकृत सूत्रों ने बताया कि मनियर क्षेत्र में गत 25 जनवरी को हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 568 लोगों के विवाह में धांधली के आरोप में पुलिस ने तीन सरकारी कर्मचारियों समेत 12 दलाल किस्म के लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनमें मुकदमे में नामजद आरोपी सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण मनियर सुनील यादव के अलावा जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण ब्लाक बांसडीह रेवती रविन्द्र गुप्ता, समेत 12 दलाल किस्म के लोगों के नाम शामिल हैं। सभी को आईपीसी की धारा 419,420,409,406,120बी के तहत गिरफ्तार किया गया है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने गुरुवार को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भ्रष्टाचार करने वाले चाहे अधिकारी/कर्मचारी या कोई भी अन्य हो उसे बक्शा नहीं जाएगा और उस पर कठोर करवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह योजना में भ्रष्टाचार करने वालों पर ऐसी कारवाई की जाएगी कि वह जनपद के लिए नजीर बनेगी।

उल्लेखनीय है कि गत 25 जनवरी को मनियर कस्बे में 568 जोड़ों का सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। जिसमें बंधुओं द्वारा खुद के गले में वरमाला डालकर सरकारी धन के लालच में बिना दुल्हे के ही विवाह करने का वीडियो शोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ था। मामले में जिला प्रशासन 20 जिला स्तरीय अधिकारियों की एक टीम बनाकर जांच कर रहा था।

प्रारंभिक जांच में सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण मनियर सुनील यादव समेत 8 अपात्र महिलाओं को सूचीबद्ध करते हुए उनके विरुद्ध भारतीय डंड संहिता की धारा 419, 420 व 409 के तहत नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिनमें से पुलिस ने एक नामजद आरोपी सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण मनियर सुनील यादव को गिरफ्तार किया है।