बैतूल में अंधविश्वास के चलते 15 वर्षीय किशोर की हत्या, आरोपी अरेस्ट

2

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अंधविश्वास की एक दर्दनाक घटना में जादू-टोने के संदेह में एक 15 वर्षीय किशोर की हत्या कर उसका शव खाई में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुलताई थाना क्षेत्र के ताईखेड़ा निवासी सुदामा इवनाते (15) 20 जून से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश के बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को हथाईखेड़ा निवासी राकेश उईके पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक गहरी खाई से बोरी में बंद किशोर का शव बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संतान नहीं होने के कारण मृतक की मां पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी अंधविश्वास के चलते उसने किशोर की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले लोहे की सरिया से किशोर के सिर पर हमला किया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव को बोरी में बंद कर खाई में फेंक दिया गया।

मुलताई थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।