पेरिस में किशोर की हत्या के बाद जमकर विरोध प्रदर्शन, 150 लोग अरेस्ट

पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में नानटेरे उपनगर में एक किशोर की मंगलवार को पुलिसकर्मी द्वारा यातायात नियम तोड़ने पर गोली मारकर हत्या करने के बाद दूसरी रात भी राजधानी समेत देशभर में जमकर विरोध प्रदर्शन तथा दंगे हुए और इस सिलसिले में कम से कम 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कारों में आग लगाने और उन पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने , दुकानों में तोड़फोड़ करने के बाद अब तक कम से कम 150 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर पथराव भी किया। इन विरोध प्रदर्शनों में कई पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन और दंगे जारी है।

फ्रांस सरकार के प्रवक्ता ओलिवर वेरन ने आज सुबह कहा कि उनकी संवेदनाएं 17 वर्षीय नाहेल एम के परिवार और दोस्तों और पूरे फ्रांस के साथ हैं, जो इस घटना से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने फ्रांसीसी टीवी चैनल बीएफएमटीवी से कहा कि पिछली रात की प्रतिक्रियाओं का उद्देश्य लोगों को न्याय दिलाना नहीं है, बल्कि यह हमारे गणतंत्र पर हमला हैं।

उन्होंने कहा कि जो कुछ हुआ उसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए और यह हमारा गणतंत्र है जो गारंटी देता है कि यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसे दंडित किया जाएगा। नाहेल की हत्या का आरोपी अधिकारी हिरासत में है। एलायंस पुलिस यूनियन ने लोगों से दोषी पाए जाने तक अधिकारी को निर्दोष मानने का आह्वान किया।

देशभर में विरोध प्रदर्शन तब शुरू हुए जब फ्रांसीसी पुलिस ने पेरिस के उपनगर नैनटेरे में किशोर को यातायात जांच के दौरान रुकने से मना करने पर गोली मार दी।इसके बाद आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर पहुँचीं लेकिन नाहेल की कुछ ही देर बाद मौत हो गई।

कुछ ही देर बाद एएफपी समाचार एजेंसी के माध्यम से सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें दो पुलिस अधिकारी एक वाहन को रोकने की कोशिश कर रहे थे और एक चालक पर हथियार तान रहा था।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने पुलिस द्वारा एक किशोर की गोली मारकर हत्या के बाद दूसरी रात को भी हो रही हिंसा को अनुचित बताया। श्री मैक्रॉन ने आज सुबह मंत्रियों के साथ एक संकट बैठक में राज्य के संस्थानों पर हमलों की निंदा की।फ्रांस के परिवहन मंत्री क्लेमेंट ब्यून ने ट्वीट किया कि रात भर परिवहन कर्मचारियों को निशाना बनाने वाली हिंसा को कोई भी उचित नहीं ठहरा सकता है।

आंतरिक मंत्री गेराल्ड डर्मैनिन का कहना है कि फ्रांस में लगभग हर जगह हिंसा हुई है। उन्होंने ट्वीट किया कि उन लोगों को शर्म आनी चाहिए जिन्होंने शांति का आह्वान नहीं किया। रात भर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, पुलिस ने शुरू में कहा कि किशोर ने उन्हें चोट पहुंचाने के इरादे से अपनी कार उन पर चढ़ाने की कोशिश की। लेकिन वीडियो फुटेज में एक पुलिस अधिकारी को ड्राइवर पर अपने हथियार से गोली चलाते हुए दिखाया गया है। गौरतलब है कि फ्रांस की राजधानी पेर‍िस के उपनगर नानटेरे में मंगलवार को यातायात नियम तोड़ने पर एक पुलिसकर्मी ने नाहेल की गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई।