धार में भीषण सड़क दुर्घटना में 16 की मौत, गांवों में एक साथ उठीं अर्थियां

0

धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर हुए भीषण सड़क दुर्घटना के बाद गांवों में एक साथ कई चिताएं जलने से हृदयविदारक दृश्य सामने आए। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि अनेक घायल विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार तिरला थाना क्षेत्र के चिकलिया फाटे पर बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे यह हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन का टायर फटने के बाद वह स्कॉर्पियो से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ गई। वाहन में 44 मजदूर सवार थे, जो मजदूरी कर लौट रहे थे।

हादसे में ग्राम नयापुरा के 9, सेमलीपुरा के 5 और रामपुरा के 2 लोगों की मौत हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद सभी शवों को उनके गांवों में भेजा गया, जहां अलग-अलग मुक्तिधामों में अंतिम संस्कार किया गया। कई स्थानों पर एक ही परिवार के सदस्यों का सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार नयापुरा में एक ही परिवार के आठ लोगों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। वहीं सेमलीपुरा में एक ही परिवार की चार महिलाओं मां, बहन, बेटी और भाभी की एक साथ अंतिम यात्रा निकली और एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार सामने आया है। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रबंधों में कमी की भी बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना स्थल पर उचित संकेतक और सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं थीं, जिनके संबंध में संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा।

हादसे में घायल 40 से अधिक मजदूरों का धार और इंदौर के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। कई घायल अब भी अपने परिजनों के निधन से अनजान हैं। जिला अस्पताल धार सहित अन्य निजी अस्पतालों में गंभीर घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।