ओडिशा में 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर रेप, आरोपी बीजद पार्षद अरेस्ट

भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस ने भुवनेश्वर नगर निगम में बीजू जनता दल (बीजद) के एक पार्षद को 19 वर्षीय एक युवती को शादी का झूठा झांसा देकर उसका यौन शोषण करने तथा पीड़िता के नाबालिग रहते हुए उसका गर्भपात कराने के आरोप में गिरफ्तार किया।

पुलिस ने कहा कि आरोपी पार्षद अमरेश जेना को बालासोर जिले के नीलगिरी इलाके से गिरफ्तार किया गया और वह पीड़िता द्वारा पांच दिन पहले उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद से फरार थे। जेना को बीजद में एक लोकप्रिय चेहरा और भुवनेश्वर शहर में प्रभावशाली पार्टी नेता माना जाता है।

पुलिस ने कहा कि जेना को गिरफ्तार करने के लिए गठित एक विशेष दस्ते ने नीलगिरी में उसके ठिकाने का पता लगाया और आज तड़के तलाशी अभियान में उसके ठिकाने से उसे गिरफ्तार किया गया। इस बीच दुष्कर्म मामले में गिरफ्तारी के बाद जेना को बीजद से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2) (दुष्कर्म), 89 (महिला की अनुमति के बिना गर्भपात करना), 296 (अश्लील कृत्य) और बीएनएस की धारा 352 (आपराधिक धमकी) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा छह के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।