मोदी के 9 साल के शासनकाल में देश हुआ सुरक्षित एवं विकसित : अमित शाह

उदयपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ वर्ष के शासनकाल में देश को सुरक्षित एवं विकसित करने का काम किया है। शाह आज राजस्थान के उदयपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वह देश भर से घूमकर आए हैं। वर्ष 2024 में 300 सीटों के साथ मोदी फिर प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के शासन के नौ वर्ष कई मायनों में भारत के परविर्तन एवं गरीब कल्याण का रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने शुरुआत में संसद की भूमि को माथा लगाकर कहा था कि यह सरकार गरीब एवं आदिवासियों के लिए कार्य करेगी। इस दौरान देश के करोडों किसानों को पहली बार छह हजार रूपए प्रति वर्ष मिला है। राजस्थान में 80 लाख किसानों को अब तक 16 हजार करोड रूपए मिल चुका है। राजस्थान के 47 लाख परिवारों को शुद्ध पानी पीने का काम किया गया है।

शाह ने मोदी सरकार ने राजस्थान में 86 लाख शौचालय बनाए। 84 लाख उज्जवला कनेक्शन भाजपा की सरकार ने दिए। उन्होंने कहा कि वह पास के गुजरात राज्य से आते हैं। इस क्षेत्र में बडी संख्या में आदिवासी भाई निवास करते हैं। स्वतंत्रता संग्राम में गौरवमय प्रकरण आदिवासी भाईयों के नाम रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष के बाद नरेन्द्र भाई ने गरीब आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनवाकर आदिवासियों को सम्मान दिया गया है। एक लव्य विद्यालय भाजपा की सरकार ने बनाए है। 40 हजार शिक्षक भर्ती किए गए। 30 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई है।

उन्होंने कहा कि इससे पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी ने ही जनजाति आयोग का गठन किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 10 आदिवासी जननायकों के नाम संग्रहालय बनाने की मंजूरी दी है।

शाह ने कहा कि मोदीजी को जो सम्मान समग्र विश्व में मिल रहा है। वह मोदी का सम्मान नही, भाजपा का सम्मान नहीं है बल्कि देश के 130 करोड जनता का सम्मान है। मोदी ने भारत के गौरव को ऊंचा करने का काम किया है। मोदी ने आदिवासी कल्याण, युवा एवं महिलाओं की बात हो, हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राक कर आतंकवादियों का खात्मा किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने भाजपा को 25 में से 25 सांसद दिए। मोदी ने एक ही झटके में कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटा दी।

शाह ने कहा कि अभी सारा विपक्ष के 21 पार्टी के नेता पटना में एकत्रित हुए। सभी ने एक साथ होकर प्रेस कांफ्रेस किया। यह सभी नेता घपले घोटाले करने वाले हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि अब तक मोदी के नाम पर एक भी घोटाले का आरोप नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रेस कांफ्रेस करने वाले सभी नेता अपने पुत्रों को मुख्यमंत्री बनाने के लिए राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान की सरकार पिछले चार वर्षो में भ्रष्टाचार करने में देश में नंबर एक स्थान पर है। खान विभाग ने हर स्तर पर भ्रष्टाचार सामने आया है। कालीसिंध बांध में घपला, गरीबों के राशन के नाम पर गबन, सचिवालय में बडी मात्रा में नकदी एवं सोना मिलना क्या यह भ्रष्टाचार का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने दस दिन में कर्जा माफ करने का वायदा किया था, बेरोजगारों को भत्ता देने का वादा किया था, जो अभी तक नहीं पूरा नहीं हुआ है।

शाह ने कहा कि कन्हैयालाल की हत्या के मामले में एनआईए ने 22 दिसम्बर 2022 को ही चार्जशीट पेश कर दी है। इसके लिए जयपुर में स्पेशल न्यायालय के गठन करने का काम राज्य सरकार का है जो अभी तक नहीं किया है।

शाह ने मेवाड की भूमि को त्याग एवं बलिदान की भूमि बताते हुए दावा किया कि यह भाजपा का गढ रहा है और इस वर्ष सारे रिकार्ड तोडकर भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि 2023 को राजस्थान में भाजपा की सरकार बनानी है तथा 2024 में मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में नौ वर्ष से देश से गरीबी हटाने का काम किया गया है। देश के बहुत से एनजीओं ने भी इनकी पुष्टि की है। आयुष्मान भारत के अंदर गरीब का इलाज किया जा रहा है। उज्जवला कनेक्शन से गरीब को राहत मिल रही है। स्वच्छ भारत मिशन के अंदर 12 करोड शौचालय देश में बनाए हैं। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने जैसे कठिन कार्य हुए है।

राजे ने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत सरकार पिछले चार वर्ष में अपना और अपने मंत्रियों का उत्थान करने में लगे हैं। सरकार के मंत्री स्वयं सार्वजनिक मंच पर कहते हैं कि गहलोत सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार के रिकार्ड तोड दिया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार की सीमाएं लांघ दी गई हैं। गत साढे चार वर्ष में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनता का शोषण और खुद का पोषण बहुत अच्छी तरह से किया है। विधानसभा के चुनाव भी बहुत जल्दी होने वाले है। घर बैठे गंगा कभी नहीं आनी है। सभी को बहुत मेहनत करनी पडेगी।

जनसभा को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड, उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनिया, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी संबोधित किया।