महाराष्ट्र में बस में आग लगने से 25 यात्रियों की जलकर मौत

बुलढाणा (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक बस में आग लग जाने से पच्चीस यात्रियों की जलकर मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यूनीवार्ता को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार निजी ट्रैवल्स की नागपुर से पुणे जा रही एक बस बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास देर रात करीब 1.30 बजे एक डिवाइडर से टकरा गई जिससे बस का टायर फट गया और एक खंभे से टकरा गई जिससे उसमें आग लग गई।

उन्होंने बताया कि बस में कुल 33 यात्री सवार थे, जिनमें से 25 की जलकर मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी है। उन्होंने बताया कि जीवित बचे आठ यात्रियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वे सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों में से कई नागपुर, वर्धा और यवतमाल के थे।

एकनाथ शिंदे ने भीषण बस दुर्घटना पर जताया गहरा दुख

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को राज्य के विदर्भ क्षेत्र के बुलढाणा जिले में सिंदखेड राजा के पास समृद्धि राजमार्ग पर भीषण बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया, जिसमें 25 यात्रियों की जलकर मौत हो गई।

शिंदे ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की। हादसे की जानकारी मिलते ही, शिंदे ने बुलढाणा के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया और घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घायलों को सरकारी खर्च पर तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

हादसे की जानकारी मिलने पर, राजमार्ग के लिए तैनात आपातकालीन चिकित्सा सेवा दल और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से आहत शिंदे ने जांच के आदेश दिए।

चंद्रशेखर राव ने महाराष्ट्र बस दुर्घटना शोक व्यक्त किया

हैदराबाद। भारत राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शनिवार तड़के महाराष्ट्र में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक बस में आग लग जाने से 25 लोगों की जलकर मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। राव ने एक शोक संदेश में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।