भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में सौंड़ाड के पास वैन का टायर फटने के बाद उसके अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा जाने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना गुरुवार रात उस समय हुई जब कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके वैन का टायर फट गया और चालकअपना नियंत्रण खो बैठा जिससे तेज रफ्तार वैन आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।
दुर्घटना में वैन में सवार चार महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मृत्यु हो गई। तीन गंभीर घायलों को भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य घायल को अढ़ाला के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
मृतकों की पहचान दुर्गा देवराम नांगरे, नैना देवराम नांगरे (दोनों निवासी अद्याल), श्वेता पुरुषोत्तम नागरे, प्रभाकर चाचेकर और मुन्नी प्रभाकर चाचेकर (दोनों निवासी वेलतुर) के रूप में हुई है।
घायलों में रक्षा खेलकर, स्नेहा गिरिधर ननहे (दोनों अद्याल निवासी), सोहम जोगेश्वर गेडेकर (पिंपलगांव निवासी), जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, तथा उमेश बोदनलाल सोनवाने (खैरलांजी, बालाघाट निवासी), जिन्हें वडला के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया है, शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।



