जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रविवार सुबह उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की एक बस सड़क किनारे खड़े एक बड़े ट्रक-ट्रॉली से टकरा गयी। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम पांच यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर है।
लगभग 40 यात्रियों को लेकर सिलीगुड़ी से कूचबिहार जा रही यह बस राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर मयनागुड़ी थाना क्षेत्र के उल्लाडाबरी के पास तेज रफ्तार में खड़ी ट्रॉली से पीछे से टकरा गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई यात्री मलबे के अंदर ही फंस गए।
स्थानीय निवासियों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालकर पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार 29 घायल यात्रियों को जलपाईगुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 15 पुरुष, 12 महिलाएं और डेढ़ वर्ष तथा नौ वर्ष की आयु के दो बच्चे शामिल हैं।
दो यात्रियों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन अन्य घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों की कुल संख्या पांच हो गई। एक बच्चे और दो महिलाओं की हालत अभी भी गंभीर बतायी जा रही है, जबकि कई अन्य लोगों का गंभीर चोटों के लिए इलाज चल रहा है। जलपाईगुड़ी की पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापानी ने पुष्टि की है कि रविवार शाम तक हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो चुकी है।



