सरगुजा में 4 नाबालिग लड़कियों से गैंगरेप मामले में 6 आरोपी अरेस्ट

0

रायपुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर अन्य संदिग्धों के नाम भी जोड़े जा सकते हैं।

पुलिस के अनुसार घटना 24 अप्रैल की रात की है, जब एक गांव में शादी समारोह से लौट रही चार नाबालिग लड़कियों को 10 से 15 युवकों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि इनमें से दो लड़कियों को जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उनके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान अन्य दो लड़कियों ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की। एक पीड़िता ने आरोपियों से बचने के लिए चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसे चोटें आईं।

मामले में दोनों पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने जांच में दुष्कर्म की पुष्टि की है, हालांकि रिपोर्ट में इसे स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है। इससे पहले सीतापुर में प्रारंभिक जांच के दौरान दुष्कर्म की पुष्टि नहीं होने की जानकारी दी गई थी, जिसके बाद पुनः विस्तृत परीक्षण कराया गया।

इस घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों को लेकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। वहीं, विपक्ष द्वारा पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने और मेडिकल जांच में देरी के आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर मजबूत विवेचना की जा रही है ताकि आरोपियों को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाई जा सके।