नंदुरबार। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के चांदसैली घाट के पास शनिवार को श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप ट्रक गहरी खाई में गिर गया, जिसके कारण सात लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में आठ की हालत गंभीर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय श्रद्धालु धड़गांव तालुका के असली में अस्तम्भ (अश्वत्थामा) ऋषि की तीर्थयात्रा से लौट रहे थे। यह तीर्थयात्रा हर साल दिवाली के आसपास आयोजित की जाती है।
चांदसैली घाट के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार पिकअप वैन चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वाहन खाई में पलट गया। इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में से पांच नंदुरबार तालुका के घोटाने के निवासी थे। अधिकारियों के मुताबिक पिकअप वैन में लगभग 25 श्रद्धालु यात्रा कर रहे थे। गंभीर रूप से घायलों को नंदुरबार सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामूली रूप से घायलों को इलाज के लिए तलोदा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।