खरगोन। मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र में पिता द्वारा सामान लेने भेजी गई 7 वर्ष की बालिका के साथ उसके एक रिश्तेदार और दोस्त ने सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 7 वर्षीय बालिका के गैंगरेप और हत्या के आरोप में एक रिश्तेदार और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। बालिका के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
खरगोन की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रूहल ने बताया कि मंगलवार रात्रि डायल 112 पर एक बच्ची की लाश मिलने की सूचना आई थी। इस पर ऊन थाना प्रभारी, एफएसएल की टीम, फिंगर एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉड को भेजा गया। पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि मामला का हत्या का लग रहा था और दो संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ में उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री को मंगलवार रात्रि 7 बजे कुछ सामान लेने भेजा था और लौटने के दौरान दोनों आरोपियों ने उसे कुछ दूरी पर ले जाकर दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म हत्या और पोक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नशे में धुत आरोपियों ने घटना के कुछ देर पहले मोबाइल पर अश्लील फिल्म भी देखी थी।


