कर्तव्य पथ पर झलका ‘नारी शक्ति’ का प्रदर्शन देश की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक समृद्धि

नई दिल्ली। भारत ने शुक्रवार को देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर यहां कर्तव्य पथ पर जहां अपनी सैन्य ताकत और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रदर्शन किया वहीं ‘नारी शक्ति ने भी परेड का नेतृत्व करके अपनी क्षमता को प्रदर्शित किया।

महिला शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों को अभिव्यक्त करते इस समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रौं मुख्य अतिथि थे। मुख्य समारोह की शुरुआत बहादुर सैनिकों के सम्मान में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि समारोह के साथ हुई। इसके कुछ ही देर बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उनके फ्रांसीसी समकक्ष मैक्रौं ‘पारंपरिक बग्गी’ में कर्तव्य पथ पर पहुंचे।

राष्ट्रगान की धुन और 21 तोपों की सलामी के बीच राष्ट्रपति ने कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। गणतंत्र दिवस परेड के इतिहास में पहली बार तीनों सेनाओं थल सेना, नौसेना और वायु सेना की सैन्य पुलिस कोर-की महिला सैनिकों की टुकड़ी ने मार्च किया।

परेड की शुरुआत 100 से अधिक महिला कलाकारों ने पारंपरिक सैन्य बैंड के बजाय पहली बार शंख, नादस्वरम, नगाड़ा जैसे भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाकर की। सांस्कृतिक समृद्धि और नारी शक्ति” के शानदार प्रदर्शन में, वंदे भारतम-नारी शक्ति के बैनर तले 1,500 नर्तकियों के एक समूह ने विविधता में एकता के संदेश के साथ परेड की शोभा बढ़ाई। प्रदर्शन में कुचिपुड़ी, कथक, भरतनाट्यम, सत्रिया, मोहिनीअट्टम, ओडिसी, मणिपुरी, समकालीन शास्त्रीय नृत्य और बॉलीवुड शैलियों सहित 30 विशिष्ट लोक नृत्य शैलियों का प्रदर्शन किया गया।

परेड के दौरान सशस्त्र बलों ने मिसाइलों, ड्रोन जैमर, निगरानी प्रणाली, वाहन पर लगे मोर्टार और बीएमपी-द्वितीय पैदल सेना के लड़ाकू वाहनों सहित घरेलू स्तर पर निर्मित हथियारों और सैन्य उपकरणों की एक विविध श्रृंखला का प्रदर्शन किया। समारोह में फ्रांसीसी सशस्त्र बलों के संयुक्त बैंड और मार्चिंग दस्ते ने भी मार्च पास्ट किया।

इस वर्ष कर्तव्य पथ फ्रांसीसी सशस्त्र बलों के संयुक्त बैंड और मार्चिंग दल के मार्च पास्ट का गवाह बना। तीस सदस्यीय बैंड दल का नेतृत्व कैप्टन खुरदा ने किया। इसके बाद 90 सदस्यीय मार्चिंग दल होगा, जिसका नेतृत्व कैप्टन नोएल ने किया। एक मल्टी-रोल टैंकर परिवहन विमान और फ्रांसीसी वायु तथा अंतरिक्ष बल के दो राफेल लड़ाकू विमानों सलामी मंच से आगे बढ़ते समय टुकड़ियों के ऊपर उड़ान भरी।

अब बात भारतीय सैन्य टुकड़ी की करें, तो मैकेनाइज्ड कॉलम का नेतृत्व करने वाली पहली सेना टुकड़ी 61 कैवेलरी की रही, जिसका नेतृत्व मेजर यशदीप अहलावत ने किया। गौरतलब है कि उन्नीस सौ 53 में स्थापित, 61 कैवेलरी दुनिया में एकमात्र सेवारत सक्रिय हॉर्स कैवेलरी रेजिमेंट है, जिसमें सभी ‘स्टेट हॉर्सड कैवेलरी यूनिट्स’ शामिल हैं।

इसके बाद 11 मैकेनाइज्ड कॉलम, 12 मार्चिंग टुकड़ियां और आर्मी एविएशन कोर के उन्नत लाइट हेलिकॉप्टरों ने सलामी उड़ान भरी। इस वर्ष की परेड में मैकेनाइज्ड कॉलम में टैंक टी-90 भीष्म,नाग (एनएजी) मिसाइल सिस्टम, इन्फैंट्री कॉम्बैट व्हीकल, ऑल-टेरेन व्हीकल, पिनाका, वेपन लोकेटिंग रडार सिस्टम ‘स्वाति’, सर्वत्र मोबाइल ब्रिजिंग सिस्टम, ड्रोन जैमर सिस्टम और मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल सिस्टम आदि मुख्य आकर्षण रहे।

पहली बार कर्त्तव्य पथ पर परेड में सभी महिलाओं की त्रि-सेवा टुकड़ी शामिल हुई, जिसका नेतृत्व सैन्य पुलिस की कैप्टन संध्या ने किया। इसमें तीन अतिरिक्त अधिकारी कैप्टन शरण्या राव,सब लेफ्टिनेंट अंशु यादव और फ्लाइट लेफ्टिनेंट श्रृष्टि राव शामिल रहीं।

महिला सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा दल का नेतृत्व मेजर सृष्टि खुल्लर ने किया, जिसमें आर्मी डेंटल कोर में कैप्टन अंबा सामंत, भारतीय नौसेना में सर्जन लेफ्टिनेंट कंचना और भारतीय वायु सेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिव्या प्रिया शामिल रहीं। सेना के मार्चिंग दस्तों में मद्रास रेजिमेंट, ग्रेनेडियर्स, राजपूताना राइफल्स, सिख रेजिमेंट और कुमाऊं रेजिमेंट शामिल हुए।

भारतीय नौसेना दल में 144 पुरुष और महिला अग्निवीर शामिल हुए, जिनका नेतृत्व दल कमांडर के रूप में लेफ्टिनेंट प्रज्वल एम और प्लाटून कमांडर के रूप में लेफ्टिनेंट मुदिता गोयल, लेफ्टिनेंट शरवानी सुप्रिया और लेफ्टिनेंट देविका एच ने किया। इसके बाद नौसेना की झांकी निकली, जिसमें ‘नारी शक्ति’और ‘स्वदेशीकरण के माध्यम से महासागरों में समुद्री शक्ति’विषयों को दर्शाया गया।

झांकी के पहले भाग में भारतीय नौसेना की सभी भूमिकाओं और सभी रैंकों में महिलाओं को दर्शाया गया और दूसरे भाग में पहले स्वदेशी कैरियर बैटल ग्रुप को दिखाया गया, जिसमें विमान वाहक विक्रांत, उसके अत्यधिक सक्षम एस्कॉर्ट जहाज दिल्ली, कोलकाता और हल्के लड़ाकू विमान शिवालिकऔर उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर, कलवरी श्रेणी पनडुब्बी और जीसैट-7, रुक्मणी उपग्रह शामिल हैं।

भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की टुकड़ी में स्क्वाड्रन लीडर रश्मी ठाकुर के नेतृत्व में 144 वायुसैनिक और चार अधिकारी शामिल हुए। स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव और प्रतीति अहलूवालिया और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहिल दल कमांडर के पीछे अतिरिक्त अधिकारी के रूप में मार्च पास्ट किया। वायु सेना की झांकी ‘भारतीय वायु सेना: सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’ थीम पर आधारित रही। झांकी में एलसीए तेजस और एसयू-30 को आईओआर के ऊपर उड़ान भरते हुए दिखाया गया।

झांकी में एक सी-295 परिवहन विमान को कॉकपिट में महिला एयरक्रू द्वारा उड़ाया गया। झांकी पर स्थित जीसैट-7एभारतीय वायुसेना के अपने संचालन में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के समावेश को दर्शाता है। झांकी में यह भी दिखाया गया कि भारतीय वायुसेना देश के भीतर के साथ ही विदेशी जमीन पर भी मानवीय सहायता प्रदान करने में सबसे आगे रही है।

इस वर्ष परेड का एक और मुख्य आकर्षण’ राष्ट्र निर्माण: पहले भी, अब भी, आगे भी और हमेशा’ थीम पर आधारित दिग्गजों (सेवानिवृत्त सैनिक) की झांकी रही। इसमें देश की सेवा में पूर्व सैनिकों की बहादुरी और बलिदान को प्रदर्शित किया गया। इस वर्ष परेड में रक्षा अनुसंधा एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की विकसित कई महत्वपूर्ण प्रणालियों का प्रदर्शन किया गया। ‘आत्म-निर्भरता’ के प्रवर्तक के रूप में, रक्षा अनुसंधान के मुख्य क्षेत्रों में डीआरडीओ की महिला वैज्ञानिकों का बहुमूल्य योगदान महत्वपूर्ण रहा है। डीआरडीओ की झांकी ‘भूमि, वायु, समुद्र, साइबर और अंतरिक्ष जैसे सभी पांच आयामों में रक्षा कवच प्रदान करके राष्ट्र की रक्षा करने में महिला शक्ति’ विषय पर आधारित रही।

झांकी में रक्षा अनुसंधान एवं विकास में महिलाओं की भागीदारी को प्रमुखता से उजागर किया गया। उत्कृष्ट वैज्ञानिक सुनीता देवी जेना दल कमांडर रहीं। वहीं पी लक्ष्मी माधवी, जे सुजाना चौधरी और ए भुवनेश्वरी भी झांकी में मौजूद रहीं। झांकी में मैन पोर्टेबल एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल, एंटी-सैटेलाइट मिसाइल, अग्नि -5, सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल, बहुत कम दूरी की वायु रक्षा प्रणाली, नौसेना एंटी-शिप मिसाइल-शॉर्ट रेंज , एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल हेलिना, क्विक रिएक्शन सरफेस-टू-एयर मिसाइल, एस्ट्रा, लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस, एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड ऐरे रडार उत्तम, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम शक्ति, साइबर सुरक्षा सिस्टम, कमांड कंट्रोल सिस्टम और सेमी कंडक्टर फैब्रिकेशन सुविधा को भी शामिल किया गया।

भारतीय तटरक्षक दल का नेतृत्व सहायक कमांडेंट चुनौती शर्मा ने किया। उनके बाद गार्ड सहायक कमांडेंट स्तर की अधिकारी प्रिया दहिया, हार्दिक और पल्लवी रहीं। एक सौ 54 जहाजों और 78 विमानों के बेड़े के साथ आईसीजी समुद्र में खतरों का मुकाबला करने में सक्षम है। यह 4.6 मिलियन वर्ग किलोमीटर भारतीय खोज और बचाव क्षेत्र में समुद्री खोज और बचाव के समन्वय के लिए नोडल एजेंसी भी है। इसने अपनी स्थापना के बाद से समुद्र में लगभग 11,516 लोगों की जान बचाई है, यानि हर दूसरे दिन एक जान बचाई है।

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और दिल्ली पुलिस की टुकड़ियों का नेतृत्व महिला कर्मियों ने किया। सीमा सुरक्षा बल के मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व सहायक कमांडेंट मोनिका लाकड़ा ने किया। सहायक कमांडेंट तन्मयी मोहंती केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सहायक कमांडेंट मेघा नायर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सहायक कमांडेंट मोनिया शर्मा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, डिप्टी कमांडेंट नैंसी सिंगला सशस्त्र सीमा बल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्वेता के सुगथन ने दिल्ली पुलिस के दल का नेतृत्व किया।

सीमा सुरक्षा बल की ऊंट टुकड़ी का नेतृत्व डिप्टी कमांडेंट मनोहर सिंह खींची ने किया। गौरतलब है कि दूसरी बार, महिला ऊंट सवार अपने सजे हुए ऊंटों पर परेड में हिस्सा लिया। इस वर्ष परेड में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की विभिन्न टुकड़ियों का प्रतिनिधित्व महिला कर्मियों ने किया। पहली बार इस परेड में ऑल-गर्ल ट्राई-सर्विस मार्चिंग दस्ता होगा,जिसका नेतृत्व उत्तर प्रदेश निदेशालय की सीनियर अंडर ऑफिसर तनु तेवतिया ने किया।

एक 48 कैडेटों वाली बालिकाओं की मार्चिंग टुकड़ी (सेना) का नेतृत्व कर्नाटक और गोवा निदेशालय की सीनियर अंडर ऑफिसर पुन्न्या पोन्नम्मा ने किया। एनसीसी बैंड में बालिकाओं का ही प्रतिनिधित्व दिखा। बिड़ला बालिका विद्या पीठ पिलानी, राजस्थान और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र की लड़कियों के संयुक्त बैंड का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर यशस्विका गौड़ और अंकिता शर्मा ने किया। इस वर्ष दो सौ (200) महिलाओं ने स्वयंसेवक राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दल का गठन किया, जिसका नेतृत्व एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशालय, गुवाहाटी की रागिना तमांग ने किया।