गणतंत्र दिवस भारत की आजादी और एकता का प्रतीक : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने शुक्रवार को देश के 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद थे।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री जोशी ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव ही नहीं बल्कि भारत की आजादी और एकता का प्रतीक है। विकसित भारत के लिए संकल्पबद्ध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुलामी के दंश से मुक्ति के प्रयास हो रहे हैं वहीं भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर शीर्ष अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

जोशी ने कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सावचेत होना होगा। जिससे समृद्ध और समर्थ भारत के लिए किए जा रहे प्रयासों को और अधिक गति मिल सके। गुरुवार को जयपुर हैरिटेज में दुनिया ने मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के रोड शो के माध्यम से जयपुर की विरासत और मोदी के प्रति जयपुर की जनता के समर्थन को देखा।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र में गण के सम्मान और तंत्र की गण के प्रति संवेदनशीलता के लिए श्री मोदी के नेतृत्व में काम हो रहा है। विकसित भारत के लिए किए जा रहे प्रयासों की इस श्रृंखला को प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की अगुवाई में राज्य सरकार आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है।

इस अवसर पर सासंद घनश्याम तिवाडी एवं रामचरण बोहरा, चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक नारायण पंचारिया, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण सिंह बगड़ी, सरदार अजयपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, मोतीलाल मीणा, प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, महिला मोर्चा प्रदेशाधक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, महापौर सौम्या गुर्जर, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।