आंध्र प्रदेश के सीतराम राजू में बस खाई में ​गिरने से 9 लोगों की मौत

पडेरू। आंध्र प्रदेश में आंध्र सीतराम राजू (एएसआर) जिले के मारेदुमिल्ली गांव में शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं की एक बस के खाई में गिर जाने से 9 लोगों की मौत हो गई और 18 घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर है।

पुलिस ने बताया कि चित्तूर और तिरुपति जिलों के श्रद्धालुओं का एक समूह तीर्थ यात्रा पर था। अराकू इलाके में कुछ जगहों पर घूमने के बाद, वे तेलंगाना के भद्राचलम में श्रीराम मंदिर जा रहे थे। इस दौरान घाट रोड पर चढ़ाई करते समय बस खाई में गिर गई।

इस हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस हादसे में कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं और उनमें से पांच की हालत बहुत गंभीर है। सभी घायलों को पडेरू के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने कहा कि चालक इस इलाके में नया था और घाट रोड पर एक तीखे मोड़ को समझ नहीं सका। घने कोहरे के कारण दिखाई भी बहुत कम दे रहा था हादसे के समय बस में दो चालकों समेत करीब 35 लोग सवार थे। पुलिस ने कहा कि मरने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। राज्य की गृहमंत्री वी अनीता और आपदा विभाग की प्रभारी मंत्री जी. संध्यारानी दुर्घटना वाले स्थल पर पहुंचीं और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों से राहत अभियान पर नज़र रखने का निर्देश दिया। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर ने भी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुखी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना ज़ाहिर की।