मोदी, शाह और खरगे समेत अनेक नेताओं ने विमान हादसे पर जताया शोक

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत अनेक नेताओं ने गुजरात के अहमदाबाद में गुरूवार को हुए विमान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

मोदी ने इसे दिल दहलाने वाली घटना बताते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हरसंभव कदम उठाये जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक पर एक पोस्ट में लिखा कि अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।

खरगे ने कहा है कि गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ, जिसमें कई यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। भयावह दृश्य देखकर दिल दहल जाता है। यात्रियों, पायलट और चालक दल के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना और प्रार्थनाएं।

शाह ने एक्स पर लिखा कि अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा है कि अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं यात्रियों और चालक दल के परिवारों के साथ हैं।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यह दुर्घटना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे से मैं बेहद स्तब्ध और व्यथित हू। मेरी संवेदनाएं यात्रियों और चालक दल के परिजनों के साथ हैं। जो दृश्य सामने आए हैं, वे बेहद पीड़ादायक हैं। पूरा देश शोक में है और प्रार्थना कर रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दु:खद है। इस घटना को लेकर गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल से बात की और स्वास्थ्य सुविधाओं एवं राहत कार्य की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि सभी राहत एवं बचाव में जुटे और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद की जाए। मैं ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य़ लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हू।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह दिल दहला देने वाली दुर्घटना है। यात्रियों और चालक दल के परिवारों का दर्द अकल्पनीय है। उन्होंने कहा कि इस कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के साथ हैं। प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव और राहत प्रयास महत्वपूर्ण हैं। हर जीवन मायने रखता है, हर सेकंड मायने रखता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एयर इंडिया विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।

भजनलाल ने विमान हादसे पर जताया गहरा दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। इस हादसे के बाद शर्मा ने गुरुवार और शुक्रवार को प्रस्तावित अपने कार्यक्रम निरस्त कर दिए। उनका बांसवाड़ा का प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री द्वारा शाम को जयपुर में ली जाने वाली प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी गई।

इस विमान में उदयपुर के भी चार यात्री शुभ मोदी, शगुन मोदी, वरदीचंद मेनारिया और प्रकाशचंद मेनारिया सवार थे और मुख्यमंत्री ने शुभ मोदी एवं शगुन मोदी के परिजनों से फ़ोन पर बात की है और घटना पर ढांढस बंधाया और कहा कि किसी भी प्रकार के सहयोग के लिए प्रशासन आपके साथ है।

ममता ने गुजरात में विमान दुर्घटना पर दुख जताया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गुरुवार को गहरा दुख व्यक्त किया। बनर्जी ने अपने एक्स हैंडल पर कहा,“आज अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे की खबर सुनकर स्तब्ध हूं और गहरा सदमा लगा है। यह हम सभी के लिए सबसे दुखद खबर है। मैं पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। हम बेसब्री से बचे हुए लोगों के बारे में जानकारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं और सभी के बचने की प्रार्थना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लंदन जाने वाले विमान के उड़ान भरने के दौरान हुए हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है और बहुत दुख पहुंचा है। हालांकि हमें सटीक आंकड़े नहीं पता हैं, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि विमान में 242 यात्री सवार थे। मैं इस समय ईश्वर से प्रार्थना कर रही हूं।

मुख्यमंत्री के भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वह अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुखद हादसे से बहुत दुखी हैं तथा उन्होंने इसकी विस्तृत और पारदर्शी जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा का इस हृदय विदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। इस त्रासदी के कारणों का पता लगाने के लिए सरकार द्वारा गहन और पारदर्शी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोक संतप्त लोगों को इस अपार क्षति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की भी प्रार्थना की।

एयर इंडिया का विमान क्रैश, रिहायशी इलाके में गिरा, मुख्यमंत्री रूपाणी भी सवार थे