बिहार एक्जिट पोल में राजग की जीत का अनुमान

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में रिकार्ड मतदान के बाद आए एक्जिट पोल के नतीजों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन स्पष्ट बहुमत के साथ पुन: सत्ता में लौटता नजर आ रहा है। अगर ये नतीजे वास्तविक परिणाम में बदलते हैं तो राजग की स्थिति नई विधानसभा में पहले से बेहतर हो सकती है।
चुनाव के वास्तविक 14 नवंबर को मतगणना के बाद सामने आएंगे।

दूसरे चरण के मतदान के ठीक बाद मंगलवार को विभिन्न टीवी समाचार चैनलों पर प्रसारित आठ सर्वे कंपनियों द्वारा अलग अलग जारी एक्जिट पोल के सभी अनुमानों में सत्तारूढ राजग अच्छे अंतर के साथ जीत दर्ज करने जा रहा है। इन अनुमानों में राजग को 130 से 167 सीटों पर जीतता दिखाया जा रहा है।

कांग्रेस-राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 70 से 108 सीटों पर आगे दिखाया जा रहा है। इस चुनाव में बड़े जोर शोर से मैदान में उतरी राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को शून्य से 5 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के विवाद की पृष्ठभूमि में हुए इस चुनाव में कुल 243 सीटों के लिए दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान हुआ। इसमें मतदाताओं ने हिस्सेदारी का नया रिकार्ड बनाया। पहले चरण में 121 सीटों पर 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि दूसरे चरण में आज 122 सीटों पर 68.76 प्रतिशत वोट पड़े। इस बार दोनों चरणों में रिकार्ड मतदान हुआ।

एक्जिट पोल एजेंसी पीपुल्स इनसाइट ने राजग को 133-138 सीटें दी हैं जबकि महागठबंधन को 87 से 102 सीटों पर जीतता हुआ दिखाया है। चाणक्य स्ट्रेटजीज के सर्वे में राजग को 130-138 और महागठबंधन को 100-198 सीटें दी गई हैं। जेवीसी ने राजग को 135-150 और विपक्षी महागठबंधन को 88-130 सीटें, पीमार्क ने राजग को 142-162 और महागबंंधन को 80-98 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

मैट्राइज के एक्जिट पोल के अनुमानों के अुनसार सत्तारूढ राजग को 147-167 सीटें मिल सकती हैं और महागठबंधन की सीटों की संख्या 70 से 90 के बीच रहने का अनुमान है। डीबी रिसर्च ने राजग को 137-152 और महागठबंधन को 83-98 सीटें दी हैं। उसके सर्वे में प्रशांत किशोर की पार्टी को 2-4 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

दैनिक भास्कर के एक्जिट पोल में अनुमान है कि राजग को 145-160 और महागठबंधन को 73-91 सीटें मिल सकती हैं। पीपुल्स पल्स ने राजग को 133 से 159 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। उसके सर्वे में महागठबंधन की सीटों की संख्या 75 से 101 बीच बताई गई है। इससे पहले 2020 में हुए कांटे के चुनाव में राजग को 37.26 प्रतिशत मत के साथ 125 सीटें हासिल हुई थीं जबकि महागठबंधन को 37.23 प्रतिशत मत के साथ 110 सीटों पर सफलता मिली थी।