पटना। बिहार में पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के ट्रक और ऑटो रिक्शा के बीच हुई टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 2 दानापुर अमरेन्द्र कुमार झा ने आज बताया कि ऑटो रिक्शा पर सवार आठ लोग उर्स मेला देखकर आरा की ओर लौट रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 30 पर ट्रक ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी। इस घटना में ऑटो रिक्शा पर सवार पांच लोगों की मौके पर हीं मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए।
झा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान मो. गुड्डु (33), मो. इम्तियाज (30), मो. शहजाद (22), सफान (3), अल्की (02) और पप्पू अरशद खान (25) के रूप में की गई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।



