गाज़ियाबाद में तीन सगी बहनों ने भारत सिटी अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल से कूदकर दी जान

5

गाज़ियाबाद। उत्तर प्रदेश के जिला ग़ाज़ियाबाद स्थित टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी अपार्टमेंट में गत रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। भारत सिटी के बी वन टॉवर के फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीन सगी बहनों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार तड़के करीब दो बजे की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चियों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस आज सुबह बच्चियों के आत्महत्या की जानकारी देते हुए कहा कि मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की आदि थीं और वे कोरियाई ऑनलाइन गेम खेलती थीं। सुसाइड नोट में बच्चियों ने माता-पिता से खेद व्यक्त किया है।

मृतक बहनों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बहनों ने अपार्टमेंट के नौ मंजिल से कूदकर जान दे दी।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ यह भी जांच की जा रही है कि ऑनलाइन गेमिंग का इस घटना से कितना संबंध है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।