नवीं मुम्बई। इशान किशन (54), तिलक वर्मा (45), कप्तान सूर्यकुमार यादव (30) अक्षर पटेल (नाबाद 35) की तूफानी पारियों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत पर भारत ने टी-20 विश्वकप से पहले बुधवार को खेले गए अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से शिकस्त दी।
241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खबरा रही और उसने पहले ही ओवर में जॉर्ज लिंडे (शून्य) का विकेट गंवा दिया। उन्हें अर्शदीप सिंह ने आउट किया। इसके बाद रायन रिकलटन ने कप्तान एडन मारक्रम के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े।
छठें ओवर में मारक्रम के रिटायर आउट होने पर यह साझेदारी टूटी। मारक्रम ने 19 ओवर में दो चौके और चार छक्के लगाते हुए 38 रन बनाये। आठवें ओवर में शिवम दुबे ने डेवाल्ड ब्रेविस (दो) को आउट किया। 10वें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने रिकलटन को विकेट के पीछे इशान किशन के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया।
रिकलटन ने 21 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाए। अगले ओवर में डेविड मिलर (13) को अक्षर पटेल ने आउट किया। 15वें ओवर में अभिषेक शर्मा ने जेसन स्मिथ का शिकार किया। जेसन स्मिथ ने 23 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 35 रन बनाये। 19वें ओवर में अभिषेक शर्मा ने मार्को यानसन को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।
यानसन ने 16 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 31 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे दक्षिण अफ्रीका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 210 रन ही बना सकी और मुकाबला 30 रनों से हार गई। ट्रिस्टन स्टब्स ने 21 गेंदों में चार छक्के और एक चौका लगाते हुए नाबाद 45 रन बनाए।
इससे पहले आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। छठें ओवर में इशान किशन रिटायर आउट हुये। इशान किशन ने 20 गेंदों में दो चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 53 रन बनाए।
इसके बाद आठवें ओवर में अभिषेक शर्मा भी 24 रन पर रिटायर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। भारत का तीसरा विकेट 10वें ओवर में तिलक वर्मा के रूप में गिरा। तिलक वर्मा को मार्को यानसन ने बोल्ड आउट किया। तिलक वर्मा ने 19 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 45 रन बनाए।
सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 30 रन बनाये। रिंकू सिंह 16 रन बनाकर आउट हुये। हार्दिक पंड्या ने 10 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए 30 रनों की पारी खेली। उन्हें 20वें ओवर में कार्बिन बॉश ने आउट किया।
भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अक्षर पटेल ने 23 गेंदों में नाबाद 35 रनों की पारी खेली। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसन, कार्बिन बॉश, एनरिक नॉर्टे, वेना मफाका ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।



