बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के लिए आत्महत्या संबंधी रील बनाने के प्रयास में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने शनिवार को बताया कि कस्बा बबेरू के करुहिया पुरवा निवासी जगदीश की 27 वर्षीय पत्नी मोहिनी का शव शुक्रवार अपराह्न घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका मोबाइल पर यूट्यूब और गूगल में फांसी लगाने के तरीके खोज रही थी। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार आशंका है कि मृतका ने रील बनाने के उद्देश्य से फांसी लगाने का प्रयास किया, जिससे उसकी जान चली गई।
घटना की जानकारी मृतका की करीब पांच वर्षीय पुत्री ने भी दी है। हालांकि परिजनों ने आत्महत्या के कारणों की जानकारी से इंकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



