गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिला के कौशांबी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोडृ किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के एक निजी बड़े होटल में लंबे समय से देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि सूचना के आधार पर थाना कौशांबी पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से 11 महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जबकि होटल प्रबंधन और रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा जांच पड़ताल में सामने आया कि होटल में बाहरी राज्यों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की सूचना है। सभी हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
थाना कौशांबी पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। होटल संचालक और रैकेट के मास्टरमाइंड के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस अवैध धंधे से जुड़े सभी लोगों को कानून के शिकंजे में लाया जा सके।



