कोलंबो। इशान किशन (77), सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) की शानदार विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को टी-20 विश्वकप 27वें मुकाबले में 12 गेंदे शेष रहते पाकिस्तान 61 रनों से रौंद कर सुपर आठ में जगह बना ली। भारत ने इस जीत के साथ विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है।
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान को भारत की हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह की पेस जोड़ी झकझोर दिया। हार्दिक ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान (शून्य) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब (छह) और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान आगा सलमान (चार) का शिकार कर लिया।
पांचवें ओवर में गेंदबाजी करने आए अक्षर पटेल ने बाबर आजम (पांच) को चलता कर दिया। इसके बाद उस्मान खान और शादाब खान ने 39 रन जोड़कर वापसी का प्रयास किया, लेकिन 11वें ओवर में अक्षर ने उस्मान खान को आउट कर पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। उस्मान खान ने 34 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 44 रनों की पारी खेली।
मोहम्मद नवाज (चार) को कुलदीप ने अपना शिकार बनाया। 13वें ओवर में तिलक वर्मा ने शादाब खान को आउट कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। 16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने फहीम अशरफ (10) और अबरार अहमद (शून्य) का शिकार कर लिया। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पार हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारिक (शून्य) को बोल्ड कर 114 के स्कोर पर पाकिस्तान की पारी का अंत कर भारत को सुपर आठ में पहुंचा दिया।
भारत के लिए हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
आज यहां इससे पहले भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्वकप के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर सात विकेट पर 175 रन खड़ा किया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही और उसने अभिषेक शर्मा (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा ने इशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े।
नौवें ओवर में सैम अयूब ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे इशान किशान को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। इशान किशान ने 40 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 77 रनों की पारी खेली। 15वें ओवर में सैम अयूब ने तिलक वर्मा 24 गेंदों में 25 रन और उसके अगली ही गेंद पर हार्दिक पंड्या (शून्य) को आउट कर पाकिस्तान की मैच में वापसी कराई।
19वें ओवर में उस्मान तारिक की गेंद पर बड़ा शॉट खेलते हुए सूर्यकुमार यादव बाउंड्री पर कैच आउट हुए। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाए। शिवम दुबे ने 17 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए।
भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 175 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। रिंकू सिंह चार गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सैम अयूब ने तीन विकेट लिए। शाहीन शाह अफरीदी और आगा सलमान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।



