शीर्ष 10 की छह कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 63,478 करोड़ रुपए बढ़ा

0

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही तेजी के बीच बीएसई की शीर्ष 10 में शामिल छह कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (एमकैप) 63,478 करोड़ रुपए बढ़ गया जबकि अन्य चार का 38,752 करोड़ रुपए घट गया।

निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी का एमकैप 28,523 करोड़ रुपए बढ़ गया। सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक के एमकैप में 16,015 करोड़ रुपए और निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक में 9,618 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई।

सार्वजनिक जीवन बीमा कंपनी एलआईसी को बाजार पूंजीकरण में 5,977 करोड़ रुपए का और बजाज फाइनेंस को 3,142 करोड़ रुपए का लाभ हुआ। विविध क्षेत्रों में कारोबार करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का एमकैप 203 करोड़ रुपए बढ़ा।

दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का एमकैप 15,339 करोड़ रुपए और आईसीआईसीआई बैंक का 14,632 करोड़ रुपए घट गया। आईटी कंपनी इंफोसिस का एमकैप 6,792 करोड़ रुपए और टीसीएस का 1,990 करोड़ रुपए कम हुआ।

बाजार पूंजीकरण के मामले में 19,21,679 करोड़ रुपए के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक का एमकैप 14,03,239 करोड़ रुपए और एयरटेल का 11,27,705 करोड़ रुपए रहा।