अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में धरणी तालुका के शिवझिरी घाट सेक्शन में रविवार शाम एक पिकअप गाड़ी के पलट जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और 15 से ज़्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। सभी पीड़ित कंजोली और रानीगांव गांवों के रहने वाले थे, जो शाम को मध्य प्रदेश के देड़तलाई में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर के लौट रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक गाड़ी शिवझिरी गांव के पास एक ढलान पर चढ़ रही थी और अचानक उसका संतुलन बिगड़ जाने से वह पीछे की ओर लुढ़कने लगी।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चालक के नियंत्रण पाने की कोशिशों के बावजूद वाहन ओवरलोडिंग की वजह से पलट गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद धरणी पुलिस और आपातकालीन सेवा टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए धरणी के सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।



