नई दिल्ली। विमानन क्षेत्र की सरकारी कंपनी पवन हंस का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह मायाबंदर के पास समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार यह हादसा सुबह लगभग 9:30 बजे हुआ। हेलीकॉप्टर ने श्री विजया पुरम से सुबह करीब 8:45 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 45 मिनट बाद समुद्र में गिर गया। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। एक वरिष्ठ नागरिक उड्डयन अधिकारी ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी पर क्रैश लैंडिंग की।
सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को समुद्र से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज डॉ. राजेंद्र प्रसाद अस्पताल में चल रहा है। नागरिक उड्डयन निदेशक नितेश रावत ने बताया कि पायलट सहित कुल सात लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। पायलट का बयान अभी दर्ज किया जाना बाकी है। प्रशासन घायलों को श्री विजया पुरम स्थानांतरित करने की कोशिश कर रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।



