टी-20 विश्वकप : दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया

0

अहमदाबाद। कप्तान एडन मारक्रम (नाबाद 82) और क्विंटन डी कॉक (47) और रायन रिकलटन ( नाबाद 45) की विस्फोटक पारियों के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में वेस्टइंडीज को 23 गेंदें शेष रहते नौ विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपना विजय क्रम जारी रखा। एडन मारक्रम को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

एडन मारक्रम और क्विंटन डी कॉक की सलामी जोड़ी ने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के लिए विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए आठ ओवर में 95 रन जोड़े। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रॉस्टन चेज ने क्विंटन डी कॉक को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। क्विंटन डी कॉक ने 24 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 47 रन बनाए।

मारक्रम और रिकलटन के बीच दूसरे विकेट लिए 82 रनों की अविजित साझेदारी हुई। 17वें ओवर की पहली गेंद पर मारक्रम ने चौका लगाकर अपनी टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई। मारक्रम ने 46 गेंदों में सात चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 82 रनों की पारी खेली। रायन रिकलटन ने 28 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 45 रन बनाए।

इससे पहले रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 52) और जेसन होल्डर (49) की विस्फोटक पारियों तथा उनके बीच आठवें विकेट के लिए 89 रन की जबर्दस्त साझेदारी की मदद से वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आठ विकेट पर 176 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

वेस्टइंडीज एक समय 83 रन पर सात विकेट गंवाकर गहरे संकट में फंसा हुआ था लेकिन शेफर्ड और होल्डर ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। नौवें नंबर के बल्लेबाज शेफर्ड ने मात्र 37 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 52 रन बनाए। जबकि आखिरी ओवर में रनआउट हुए होल्डर ने 31 गेंदों पर 49 रन में चार चौके और तीन छक्के लगाये। दोनों के बीच 89 रन की साझेदारी मात्र 57 गेंदों में बनी।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने एक के बाद एक लगातार अपने सात विकेट गंवा दिए। कप्तान शाई होप (16), शिमरॉन हेटमायर (दो), ब्रैंडन किंग 11 गेंदों में (21), रॉस्टन चेज (दो), शरफ़ेन रदरफोर्ड (12) रोवमन पॉवेल (नौ) और मैथ्यू फोर्ड (11) रन बनाकर आउट हुए।

वेस्टइंडीज ने एक समय 10.2 ओवर में 83 के स्कोर पर अपने सात विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पारी को संभाला और टीम को 176 रन तक पहुंचा दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एन्गिडी ने तीन विकेट लिए। कगिसो रबाडा और कॉर्बिन बॉश को दो-दो विकेट मिले।