वाशिंगटन। अमरीकी और इजराइली हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अमरीकी शहरों में लोगों के समूह सड़कों पर उतर आए, जिनमें से कुछ ईरान पर हमलों का जश्न मना रहे थे जबकि अन्य इनके विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
गौरतलब है कि ईरानी सरकारी टेलीविजन ने रविवार को खामेनेई की मौत की पुष्टि की।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के अनुसार, शनिवार को अमेरिका द्वारा किए गए मिसाइल हमले में उनकी मृत्यु हुई। लॉस एंजिल्स क्षेत्र में लोग जश्न के संगीत की धुन पर एक-दूसरे को गले लगा रहे थे और नाच रहे थे। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार खामेनेई की मौत की खबर सुनकर कई लोग भावुक दिखे।
प्रदर्शनकारियों को ट्रम्प को धन्यवाद! के नारे लगाते सुना गया। ईरानी और ईरानी-अमरीकी लोग हवा में उछलते और बिबी को धन्यवाद के नारे लगाते हुए देखे गए, जो इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का संदर्भ था। स्पेक्ट्रम न्यूज़ लॉस एंजिल्स के वीडियो में दिखाया गया कि लॉस एंजिल्स के सिटी हॉल के बाहर, युद्ध-विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक छोटे समूह ने ईरान पर हुए हमलों का विरोध किया।
न्यूयॉर्क शहर में मैनहट्टन के टाइम्स स्क्वायर में लोगों ने सड़कों पर उतरकर ईरान पर हमलों को रोकने की मांग की और हमने उनकी फासीवादी योजना को अस्वीकार कर दिया है, ईरान के साथ कोई युद्ध नहीं के नारे लगाए। सीएनएन से संबद्ध डब्ल्यूजेएलए के अनुसार वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास लोगों की एक बड़ी भीड़ देखी गई, जिसमें कई वक्ताओं ने भाषण दिए और लोग झंडे और बैनर लहरा रहे थे।
सीएनएन से संबद्ध केटीवीटी के अनुसार डलास में ईरान मुक्त प्रदर्शन किया गया जिसमें उपस्थित लोगों ने ईरानी झंडे लहराए। डेनवर, रिचमंड (वर्जीनिया) और न्यू ऑरलियन्स में अनेक स्थानों पर भी प्रदर्शन हो रहे थे।



