भिवानी। हरियाणा में भिवानी जिले के थाना सदर क्षेत्र की रहने वाले एक नबालिग बच्चे से कुकर्म करने के आरोपी को न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। नाबालिग बच्चे की मां ने थाना सदर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी ने उसके नाबालिग बेटे का अपहरण कर उसे खेत में बने एक कमरे में ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग संख्या 472 दिनांक 26.08.2024 को थाना सदर भिवानी में पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस द्वारा प्रस्तुत किए गए ठोस साक्ष्यों व गवाहों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार दिया। न्यायालय ने आरोपी सत्यवान उर्फ बाणा पुत्र सुनहरा निवासी गांव धनाना जिला भिवानी को विभिन्न धाराओं के तहत सजा सुनाई।
भिवानी में दर्दनाक सडक़ हादसे में तीन महिलाओं की मौत, 15 घायल
भिवानी जिले में रविवार को नवां ढाणी के पास करीब साढ़े 11 बजे एक टाटा मैजिक का टायर फटने से एक बड़ा सडक़ दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में टाटा मैजिक में सवार गांव कलिंगा से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय सामान्य अस्पताल लाया गया। घायलों में से एक महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे उपचार के लिए रोहतक स्थानांतरित किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही डीसी साहिल गुप्ता सामान्य अस्पताल में पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। डीसी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कोताही ना बरती जाए। उन्होंने उपचार में हर संभव चिकित्सा सुविधा मुहैया करने को कहा। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, सिविल सर्जन रघुबीर शांडिल्य और तहसीलदार जयबीर सिंह भी मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी अनुसार गांव कलिंगा से एक परिवार के लोग अपने परिचितों के साथ टाटा मैजिक गाड़ी में सवार होकर जिला दादरी के बाढड़ा के पास गांव रामपुरा में शोक सभा में शामिल होने जा रहे थे। टाटा मैजिक में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। भिवानी जिले के गांव नवा की ढाणी के पास टाटा का टायर फटने से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पेड़ में टकरा गई।
सभी घायलों को उपचार के लिए चौधरी बन्सीलाल सामान्य हस्पताल लाया गया। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जिनमें कृष्णा पत्नी श्रीनिवास, मूर्ति पत्नी ऋषिराम, फूलवति पत्नी रामोतार शामिल हैं। सभी मृतक महिलाओं की उम्र करीब 60 से 70 वर्ष के बीच बताई जा रही है।



