रांची। झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर, चुटिया सहित कई थाना क्षेत्र में एक साथ छापेमारी कर देह व्यापार में संलिप्त कई लड़कियों और ग्राहकों को गिरफ्तार किया है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने आज बताया कि रैकेट की सूचना पर राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्र में छापामारी की गई है जिसमें कई लोग पकड़े गए। पुलिस ने एक साथ छापेमारी कर 6 से ज्यादा लड़कियों और ग्राहकों को गिरफ्तार किया है। इसमें अधिकांश लड़कियां रांची और कोलकाता की रहने वाली हैं।
पुलिस ने जिस्मफरोशी के धंधे के खिलाफ की गई कार्रवाई में रैकेट चलाने वाले सरगना को भी गिरफ्तार किया है। राजधानी में बड़े पैमाने पर चल रहे रैकेट की सरगना एक महिला है जो पश्चिम बंगाल सहित अलग-अलग इलाकों से लड़कियों को बुलाकर रांची में देह व्यापार करवाती थी। सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार महिला सरगना का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी जेल जा चुकी है।
रांची एसएसपी राकेश रंजन को यह जानकारी मिली थी कि रांची के इलाकों में बड़े पैमाने पर रैकेट का संचालन किया जा रहा है। रैकेट में दो दर्जन से ज्यादा लड़कियां शामिल हैं, जिन्हें बेहद गुप्त तरीके से होटलों में भेज कर और किराए के मकान में रख कर जिस्मफरोशी का धंधा करवाया जा रहा है।
जानकारी की पुष्टि होने के बाद रांची के सीनियर एससपी ने सिटी एसपी नेतृत्व में टीम का गठन किया और राजधानी में चल रहे रैकेट के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसमें अब तक आठ लोग पकड़े गए हैं।



