दिल्ली भाजपा के होली मंगल मिलन में जुटे पार्टी के वरिष्ठ नेता और पत्रकार

0

नई दिल्ली। दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के मीडिया विभाग द्वारा सोमवार को आयोजित वार्षिक होली मंगल मिलन समारोह में सैकड़ों पत्रकार, संपादक, एंकर, डिजिटल संपादक, इंफ्लुएंसर और छायाकारों के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की। होली मिलन कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने की।

होली मंगल मिलन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री महेन्द्र पांडेय, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और रविन्द्र इंद्राज सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह में पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी, सांसद निशिकांत दूबे, सांसद कमलजीत सहरावत, पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक सतीश उपाध्याय, राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख संजय मयूख, यमुनापार विकास बोर्ड अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, दिल्ली भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल और एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल समेत अनेक नेता मंच पर मौजूद रहे।

भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने मीडिया टीम के साथ सभी अतिथियों का गुलाल और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने चंदन तिलक लगाकर अतिथियों का अभिनंदन किया। प्रसिद्ध लोक गायक जोनी सूफी द्वारा प्रस्तुत होली के लोकगीतों और भजनों पर नेता और पत्रकार झूम उठे। कार्यक्रम में पुरानी दिल्ली के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया गया।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने सभी दिल्लीवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में दिल्ली में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दिया है और आने वाले समय में विकास की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने कहा कि निचली अदालत की आड़ में खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश करने वाले अरविंद केजरीवाल को जनता ने अपना फैसला सुनाकर दिल्ली से बाहर कर दिया है और अब दिल्लीवासी किसी भी झूठ और फरेब में नहीं आने वाले हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तीकरण को नई गति और शक्ति मिली है। यह केवल योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि सशक्त नारी और विकसित दिल्ली का संकल्प है। उन्होंने कहा कि होली के बाद विकास कार्यों में और तेजी लाई जाएगी तथा सरकार 24 घंटे दिल्लीवासियों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

सांसद निशिकांत दूबे ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। मतभेद भुलाकर समाज और देश की प्रगति के लिए मिलकर काम करना ही इस पर्व का संदेश है। समारोह में पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी, राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह, विधायक कैलाश गहलोत सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पत्रकारों और उपस्थित जनों को होली की शुभकामनाएं दीं।