सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पिता ने उसके दो दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के टैगोर गार्डन पेपर मिल निवासी समलित त्यागी ने अपने 26 वर्षीय पुत्र अभ्युदय त्यागी की मौत के मामले में ईशु (पुत्र वीरेंद्र) और अनुभव (पुत्र दीपक) के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस अधीक्षक नगर ब्योम बिंदल ने मंगलवार को बताया कि दो दिन पूर्व अभ्युदय का शव चकरहेटी गांव में एक दूध फैक्टरी के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला था। ग्रामीणों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
रविवार को युवक की पहचान अभ्युदय त्यागी के रूप में होने के बाद उसके पिता ने थाना जनकपुरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके दोस्तों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर हत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस ने शव का बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेज दिया है।
गौकसी के आरोपी दो सगे भाई अरेस्ट
सहारनपुर जिले में देहात कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गौकसी के आरोप में दो सगे भाइयों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नाजिम और अय्यूब पुत्र कय्यूम निवासी गांव पांडोली, थाना नांगल, तड़के बाइक से जा रहे थे। आसनवाली पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे तेज गति से भागने लगे।
पीछा किए जाने पर आरोपियों की बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।



