बिहार के पूर्वी चंपारण में छह बच्चों की तालाब में डूबकर मौत

0

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को छह बच्चों की तालाब में डूब कर मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लोहरगांवा गांव के रहने वाले कुछ बच्चे गांव के ही गुलरी तालाब के पास खेल रहे थे। इस दौरान छह बच्चे तालाब में स्नान करने लगे। गहरे पानी में चले जाने से उनकी डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) टीम के सहयोग से सभी छह बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान धर्मेंद्र सहनी की तीन पुत्री दीक्षा कुमारी (12), सोनाक्षी कुमारी (10) और प्रिया कुमारी (7), मनोज साहनी के पुत्र प्रिंस कुमार (12)और पुत्री छोटी कुमारी (10), कामेश्वर सहनी की पुत्री सोनाली कुमारी (12) के रूप में की की गई है। केसरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया है।

इस बीच पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि पीड़ित परिवारों को बिहार सरकार की तरफ से चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन, मोतिहारी को रात में ही सभी बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम पूर्ण करने का विशेष आदेश दिया गया है। इसके अतिरिक्त केसरिया अंचल अधिकारी को सभी बच्चों के शवों के विधिवत अंत्येष्ठि के लिए तैनात किया गया है।