पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ओर से पांच उम्मीदवारों ने गुरूवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
राजग की ओर से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कुमार और मौजूदा राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
मुख्यमंत्री कुमार और अन्य राजग उम्मीदवार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए बिहार विधानसभा पहुंचे।ज़रूरी प्रकिया पूरी करने के बाद कुमार और चार अन्य राजग उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
गौरतलब है कि बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें रिक्त हो हैं। इनमें से दो-दो सीटें जदयू और राष्ट्रीय जनता दल की हैं, जबकि एक रालोमो की है। केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश जदयू के मौजूदा सदस्य हैं, जबकि अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता राजद के हैं।
रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एक और मौजूदा सदस्य हैं, जिनका कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो जाएगा। इन पांच सदस्यों के कार्यकाल अगले माह समाप्त हो रहे हैं, इसके कारण इन सीटों पर राज्यसभा चुनाव हो रहा है।



