कोंडागांव में होली के दिन 19 वर्षीय युवती से गैंगरेप, 5 आरोपी अरेस्ट

1

कोंडागांव। छत्तीसगढ में कोंडागांव जिले के ईरागांव में होली के त्योहार के दिन 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाबालिग बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा ने आज को बताया कि यह घटना बुधवार (4 मार्च) को हुई थी। पीड़ित युवती ने अगले दिन (5 मार्च) को इरागांव थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि होली के दिन उसके साथ पड़ोस के गांव के रहने वाले पांच युवकों ने दुष्कर्म किया।

शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सभी पांच आरोपी युवकों को तत्काल हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में दो नाबालिग हैं, जबकि तीन वयस्क हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पीड़िता और सभी आरोपियों का मेडिको लीगल केस (एमएलसी) कराया गया। मेडिकल जांच के लिए सभी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की।

पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और पीड़िता के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पीड़िता के पड़ोस के गांव के निवासी हैं और होली के दिन ही इस वारदात को अंजाम दिया गया।
कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को संबंधित सक्षम अदालतों में पेश किया गया।

अदालत के आदेश पर तीन वयस्क आरोपियों को जिला जेल भेज दिया गया, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।