शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस ने जंगल में छापा मारकर अश्लील वीडियो बनाकर डिजिटल गिरफ्तारी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने कल शाम ये जानकारी देते हुए गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम ठाकुरदास लोधी, परेश्वर लोधी एवं भोला लोधी बताए हैं। उनके तीन साथी मौके से भागने में सफल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि आरोपियों के पास से एक कार, 60 हजार रुपए नगद एवं तीन एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके द्वारा डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर लगभग एक करोड़ रुपए की ठगी की गई है। ये राशि उन्होंने मकान बनवाने, संपत्तियां खरीदने तथा अपने भोग विलास में व्यय कर दी।
सूत्रों ने बताया कि साइबर ठगी को रोकने एवं फर्जी बैंक खातों का पता लगाए जाने हेतु प्रदेश में चल रहे ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ को कल मुखबिर द्वारा इन आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी, इसके बाद उन्होंने एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पिछोर थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा गया।



