वाशिंगटन। अमरीका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की महत्वपूर्ण संस्था ‘नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर’ (एनसीटीसी) के प्रमुख जोसेफ केंट ने ईरान पर हमले के विरोध में मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। ईरान के साथ चल रहे युद्ध के विरोध में इस्तीफा देने वाले वे ट्रंप प्रशासन के सबसे वरिष्ठ अधिकारी बन गए हैं।
केंट ने सोशल मीडिया पर अपना त्याग पत्र साझा किया, जिसमें उन्होंने युद्ध के औचित्य पर गंभीर सवाल उठाए। केंट ने कहा कि अमरीका पर ईरान की ओर से ऐसा कोई ‘आसन्न खतरा’ नहीं था जिसके लिए युद्ध शुरू किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह युद्ध इज़राइल और उसके शक्तिशाली लॉबी समूह के दबाव में शुरू किया गया है।
केंट ने लिखा कि मैं अपनी अंतरात्मा की आवाज पर ईरान में चल रहे इस युद्ध का समर्थन नहीं कर सकता। केंट का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब 28 फरवरी 2026 को शुरू हुआ ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है।



