कानपुर में किशोरी की हत्या, दुष्कर्म की आशंका

0

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बिधनू क्षेत्र में मंगलवार को एक किशोरी का शव नग्नावस्था में खेत में पड़ा मिला।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक सोमवार शाम बकरी चराने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की और आज सुबह डायल 112 के जरिये पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस टीम ने परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज किया। इस बीच किशोरी का शव नग्नावस्था में एक खेत में मिट्टी से ढका मिला।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को गड्ढे से निकलवाकर पंचायतनामा की कार्यवाही की गयी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था विपिन ताडा और पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने इस मामले में जमीनी विवाद का जिक्र करते हुए गांव के कुछ युवकों पर संदेह जताया है जिसके आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है जबकि अन्य की तलाश के लिये पुलिस की टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

ताडा ने बताया कि डीसीपी दक्षिण के नेतृत्व में पुलिस की टीमें लगातार कार्यवाही कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। घटना का शीघ्र अनावरण किया जाएगा।