धार। मध्यप्रदेश के धार शहर में आज सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुणाल जोशी ने खुद के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चाकू से वार करके खुद की जान ले ली।
खून अधिक बहने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है। प्रथम दृष्टया सड़क पर खून से सनी लाश देखी गई थी, किंतु सीसीटीवी में साफ नजर आया कि कुणाल जोशी खुद पर ही चाकू से हमला कर रहा है।
कोतवाली थाना अंतर्गत शहर की आनंद चौपाटी पर सुबह करीब 6 बजे सडक किनारे खून से लथपथ युवक का शव देखा गया था। रहवासियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो सडक पर खून बिखरा हुआ था।
शव के पास में एक चाकू रखा था, घटना की जानकारी लगते ही सीएसपी सुजवाल जग्गा, थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान मौके पर पहुंचे व चाकू रखा होने से घटना को लेकर शंका जाहिर करते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो पुलिस के ही होश उड गए। पुलिस ने पंचनामा बनाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा हैं। हादसे की जानकारी परिवार सहित रिश्तेदारों को दी गई है।
सीसीटीवी में दिख रहे फुटेज के अनुसार कुणाल पैदल आनंद चौपाटी पहुंच कर कुछ देर तक चौराहे पर खड़ा रहता है। इधर-उधर देख कर चाकू निकाल कर खुद पर हमला शुरू कर देता है। पहले कलाई की नस काटता है। उसके बाद चाकू से गर्दन पर हमला करने लगता है। गंभीर रूप से घायल होने के बाद कुणाल पास की एक दुकान के बाहर ओटले पर जाकर बैठ जाता है। इसके बाद भी वो गर्दन पर चाकू से वार करता जाता है।
जानकारी के अनुसार कुणाल जोशी पहले इंदौर की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। दो साल पहले उसके पिता सूर्यनारायण जोशी लकवे का शिकार हो गए, जिसके बाद उनके बिस्तर पर होने के कारण उनकी देखभाल के लिए कुणाल ने दो साल पहले जॉब छोड़ दी और धार में रहने लगा। परिचितों के अनुसार कुणाल की शादी भी नहीं हुई है। कुणाल का छोटा भाई इंदौर में रहता है। बताया जा रहा हैं, कि कुछ साल पहले तक युवक का सालाना सैलरी पैकेज ही 24 लाख रुपए के करीब था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शव के पास ही चाकू मिला है। सीसीटीवी चैक करने पर युवक स्वयं ही चाकू से हमला करता नजर आ रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक शराब पीने का आदी था। कुछ समय से परेशान था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



