कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर के बिधनू क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म व हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। इस जघन्य कांड के दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 18 मार्च को दर्ज मुकदमे में नामजद अभियुक्त कमल और आशीष को ग्राम माधौपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया था। उनकी निशानदेही पर तीसरे व मुख्य आरोपी सनी की तलाश में पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया गया।
गुरुवार भोर नहर पुल के पास संदिग्ध अवस्था में दिखने पर पुलिस ने घेराबंदी की, इस दौरान आरोपी सनी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया। उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिये अस्पताल भेजा गया।
मौके से आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस एवं एक मिस कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध दुष्कर्म एवं हत्या सहित गंभीर धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत पेश किया गया है।



