प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत जमीदोज हो गई। इस हादसे में वहां काम कर रहे चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए हैं।
घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज के एसआरएन अस्पताल तथा तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल में चल रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चंदापुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के ढहने की घटना के बाद मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य अभी जारी है और सभी संभावित प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त जोगिंदर कुमार ने बताया कि राहत कार्य को तेज करने के लिए वाराणसी से एनडीआरएफ की एक टीम बुलाई गई है, जबकि एसडीआरएफ की तीन टीमें पहले से मौके पर तैनात हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार संबंधित कोल्ड स्टोरेज एक पूर्व विधायक से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, कोल्ड स्टोरेज के लाइसेंस एवं नवीनीकरण प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
मोदी ने दुख व्यक्त किया, अनुग्रह राशि की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक इमारत गिरने की दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों को दो- दो लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मोदी ने इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इमारत गिरने की दुर्घटना से मैं व्यथित हूं। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावितों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।



