इटावा में प्रेमी युगल का मुंह काला करने के आरोप में 10 अरेस्ट

1

इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के वैदपुरा थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में प्रेमी युगल का मुंह काला कर अमानवीय व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जसवंतनगर सर्किल की पुलिस उपाधीक्षक आयुषी सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि महिला और उसके साथ आए युवक के साथ मारपीट की गई और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी गई।

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास और अमानवीय व्यवहार की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसके पति पवन सिंह, देवर अमित और रामजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं अन्य सात लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार महिला 26 मार्च को अपनी मर्जी से मैनपुरी के एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। अगले दिन परिजन उसे वापस घर ले आए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि परिजनों ने महिला से युवक को फोन कर गांव बुलवाया और उसके आने पर उसे पकड़कर पीटा तथा रातभर बंधक बनाए रखा।

शनिवार सुबह महिला और युवक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनका मुंह काला किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित थाने लाया और आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला को न्यायालय में बयान के लिए वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है, जबकि घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।