मुम्बई। रायन रिकलटन (81) और रोहित शर्मा (78) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत मुम्बई इंडियंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया।
रायन रिकलटन और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 148 रन जोड़ कर मुम्बई इंडियंस को अच्छी शुरुआत दिलाई। 12वें ओवर में वैभव अरोड़ा ने रोहित शर्मा को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में छह चौके और छक्के उड़ाते हुए 78 रनों की पारी खेली।
इसके बाद 15वें ओवर में कार्तिक त्यागी ने सूर्यकुमार यादव (16) को आउट किया। अगले ही ओवर में रायन रिकलटन सीधे थ्रो पर रनआउट हो गये। रिकलटन ने 43 गेंदों में चार चौके और आठ छक्के लगाते 81 रन बनाए।
19वें ओवर में तिलक वर्मा 14 गेंद में 20 रन बनाकर कैच आउट हुए। मुम्बई इंडियंस ने 19.1 ओवरों में चार विकेट पर 224 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। कप्तान हार्दिक पंड्या 11 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए वैभव आरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नारायण ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले आज यहां अजिंक्य रहाणे (67), अंगकृष रघुवंशी (51) और फिन ऐलन (37) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मुम्बई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 69 रन जोड़े। छठें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने फिन ऐलन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। फिन ऐलन ने 17 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 37 रनों की पारी खेली।
नौवें ओवर में शार्दुल ने कैमरुन ग्रीन (18) का शिकार कर लिया। 14वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने अजिंक्य रहाणे को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया। रहाणे ने 40 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 67 रनों की पारी खेली। 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने अंगकृष रघुवंशी को कैच आउट करा दिया।
अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 51 रन बनाये। केकेआर ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में चार चौकों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए। मुम्बई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिए। एक बल्लेबाज को हार्दिक पंड्या ने आउट किया।



