पूर्वी चंपारण में कथित जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत, 6 ने गंवाई आंखों की रोशनी

0

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में कथित जहरीली शराब पीने से मरने वालो कीं संख्या बढ़कर पांच हो गई है, तथा छह लोगों के आंखों की रौशनी चली गई है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कथित जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या आज बढ़कर पांच हो गई है। मृतकों में तुरकौलिया थाना क्षेत्र के पुलवाघाट निवासी चंदू कुशवाहा (25), लक्ष्मीपुर गदरिया निवासी प्रमोद यादव (40), परसौना मुशहरी टोला निवासी परीक्षण मांझी (45), रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी हीरा लाल भगत (45) और बालगंगा गांव निवासी सम्पत साह (35) शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि जहरीली शराब पीने से 18 से अधिक लोग बीमार हो गये हैं, इनमें से छह लोगों की स्थिति गम्भीर है।

इस बीच घटना से प्रभावित क्षेत्रों में आज चंपारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिकिशोर राय, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पूरी टीम के साथ दौरा किया। जिलाधिकारी जोरवाल ने प्रभावित गांवों के लिए अलग-अलग मेडिकल टीम भेजी है।

उन्होंने सदर अस्पताल को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। सिविल सर्जन को पीड़ितों के इलाज के लिए हरसंभव व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। इस मामले में तुरकौलिया थानाध्यक्ष और एक चौकीदार को निलंबित किया गया है तथा चौकीदार समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है