रायगढ़ के कोतरारोड में दुकान के अंदर विवाहिता से गैंगरेप, 4 आरोपी अरेस्ट, एक फरार

3

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोतरारोड थाना क्षेत्र में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले का शीघ्र खुलासा किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की।

पुलिस के अनुसार 37 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ कोतरारोड थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। पीड़िता ने पांच अप्रैल को थाना में शिकायत दर्ज कराई कि चार अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ सामान खरीदने मेन रोड गई थी। इसी दौरान ऑटो से पहुंचे आरोपी मुन्ना गिरी और उसके साथियों ने महिला को अकेला समझकर जबरन दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास किया।

विरोध करने पर आरोपी दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने पीड़िता के पति के साथ मारपीट की। इसके बाद मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी अजय नागवंशी के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी गई, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी पिंटू निषाद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।