करौली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि उनकी सरकार किसान, मजदूर, युवा और महिला वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है।
शर्मा बुधवार को करौली जिले में टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र के नांगल शेरपुर गांव में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों के उत्थान के लिए राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि की राशि बढाने, गेंहू की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) खरीद पर बोनस देने, सिंचाई के लिए अनेक परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दो महत्वपूर्ण मार्गों पर सड़क निर्माण एवं नांगल शेरपुर तहसील बालघाट में राजकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक दर्शन सिंह, हंसराज मीना, विक्रम बंशीवाल, राजेन्द्र मीना एवं रामविलास मीना तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।



