विधानसभा चुनाव : असम, केरल और पुड्डुचेरी में बम्पर वोटिंग

0

गुवाहाटी/तिरुवनंतपुरम/पुड्डुचेरी। असम, केरल तथा केन्द्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनाव में गुरुवार को भारी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार असम में 85.46 प्रतिशत, केरल में 78.17 प्रतिशत और पुड्डुचेरी में 89.87 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना 4 मई को होगी उसी दिन चुनाव परिणाम आ जाएंगे।

असम और पुड्डुचेरी में इक्का-दुक्का अप्रिय घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। केरल में किसी स्थान से अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। सभी जगह मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था। केरल और पुड्डुचेरी में मतदान समाप्ति का निर्धारित समय शाम छह बजे था, जबकि असम में यह समय सीमा पांच बजे तक की थी। विभिन्न मतदान केन्द्रों पर निर्धारित समय के बाद भी मतदाताओं की कतारें देखी गईं।

असम में 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार और केरल में 140 सीटों के लिए 890 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पुड्डुचेरी में 30 सीटों के लिए 294 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से 40 महिलाएं हैं। असम में 2.50 करोड़ से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल मतदाताओं में 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं और 343 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। असम मेंं मुख्य मुकाबला सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है।

केरल में 30,471 मतदान केंद्र बनाए गए। कुल मतदाताओं की संख्या 2.71 करोड़ से अधिक हैं, जिनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 उभयलिंगी हैं। राज्य में मतदान के दौरान आज एक दुखद घटना सामने आई जब त्रिशूर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने के कुछ ही समय बाद 62 वर्षीय एक मतदाता की तबियत खराब हो गई और उसकी मौत हो गई।केरल में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी भी यहां जोर आजमाइश कर रही है।

पुड्डुचेरी में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के संस्थापक-अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख एन रंगासामी लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ राजग और कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन के बीच सीधी टक्कर है।

पुड्डुचेरी में मन्नादिपेट विधानसभा क्षेत्र के थिरुकन्नूर के मतदान केंद्र पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प हुई और पुलिस को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। इस सीट पर गृह मंत्री ए नमशिवायम का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सेल्वम से है।

प्रदेश में कुल 9.44 लाख मतदाता के लिए 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें से 209 केंद्रों को संवेदनशील और पांच को अति-संवेदनशील बताया गया था। कुल मतदाताओं में से लगभग 4.43 लाख पुरुष, पांच लाख महिलाएं और 139 उभयलिंगी मतदाता हैं।